धरसींवा। धरसींवा के सारागांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बुजुर्ग ग्रामीण हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद अफसर और पुलिस टीम उसे नीचे उतारने की कोशिश में जुट गई। बताया जा रहा है कि, ग्रामीण कालिया साहू का मकान हाल ही में प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान बुलडोजर चलाकर तोड़ दिया गया था। परिवार का आरोप है कि वर्षों से वे उसी घर में रह रहे थे और वहीं से मजदूरी व खेती कर गुजर-बसर करते थे। मकान टूटने के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया, जिससे बुजुर्ग मानसिक रूप से टूट गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, पीड़ित ने कई बार अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। आखिरकार नाराज होकर वह गांव के पास स्थित हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया और न्याय नहीं मिलने पर जान देने की चेतावनी देने लगा। वहीं प्रशासन का कहना है कि, संबंधित जमीन पर अतिक्रमण था। शिकायत और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बेदखली आदेश जारी कर कार्रवाई की गई। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और प्रशासन बुजुर्ग को सुरक्षित नीचे उतारने में जुटा हुआ है।
