नीदरलैंड में पीएम मोदी का भव्य स्वागत: तिरंगे संग उमड़ा भारतीय समुदाय, व्यापार और टेक्नोलॉजी पर होगी बड़ी चर्चा

Follow Us

नीदरलैंड। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के विदेश दौरे के दूसरे चरण में शुक्रवार देर रात नीदरलैंड पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। एम्स्टर्डम एयरपोर्ट पर डच अधिकारियों और भारतीय समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। पीएम मोदी की इस यात्रा को भारत-नीदरलैंड संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। अपने दौरे के दौरान वे नीदरलैंड के राजा राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी क्वीन मैक्सिमा से मुलाकात करेंगे। साथ ही डच नेतृत्व के साथ व्यापार, टेक्नोलॉजी, रक्षा, सेमीकंडक्टर, स्वच्छ ऊर्जा और जल प्रबंधन जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

पीएम मोदी ने एम्सटर्डम पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पर कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच बढ़ते आर्थिक संबंध नई संभावनाओं के द्वार खोल रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से निवेश, हरित तकनीक और नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। हेग  में भारतीय प्रवासियों ने भी प्रधानमंत्री का शानदार स्वागत किया। तिरंगा लहराते लोगों ने ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। बच्चों और महिलाओं में भी खास उत्साह देखने को मिला। जानकारी के मुताबिक, नीदरलैंड में 90 हजार से अधिक भारतीय और एनआरआई रहते हैं, जबकि सूरीनाम-हिंदुस्तानी समुदाय की बड़ी आबादी भी यहां मौजूद है। पीएम मोदी की यह यात्रा 2017 के बाद नीदरलैंड का उनका दूसरा दौरा है, जिससे दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।