रायपुर। राजधानी रायपुर में करोड़ों की जमीन और कंपनी संपत्तियों से जुड़े एक बड़े विवाद ने तूल पकड़ लिया है। सिम्पलेक्स कास्टिंग्स की प्रबंध निदेशक संगीता केतन शाह ने पुलिस अधिकारी विशाल सोन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं उनके और उनके पति केतन शाह के खिलाफ दर्ज एफआईआर के बीच यह मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है। संगीता शाह ने एक सार्वजनिक सूचना जारी करते हुए आरोप लगाया कि, वर्ष 2013-14 में दुर्ग में पदस्थ रहने के दौरान विशाल सोन से उनकी पहचान हुई थी। आरोप है कि, उस समय उन्होंने राजनीतिक संपर्कों का हवाला देकर भाजपा टिकट दिलाने और प्रभाव बढ़ाने का भरोसा दिलाया था। इसके बदले में पैसे लेने और सरकारी पद का दुरुपयोग करने के भी आरोप लगाए गए हैं।

आरोपों के अनुसार, अधिकारी ने कंपनी की आंतरिक जानकारी का गलत उपयोग करते हुए जमीन और संपत्तियों पर कब्जे की साजिश रची। इसमें पुलगांव, कोहका और जुनवानी स्थित जमीनों के साथ-साथ कंपनी के कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और वाहनों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। संगीता शाह का कहना है कि, उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत 6 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक से की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि, उन्हें धमकियां दी जा रही हैं और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। फिलहाल यह मामला पुलिस जांच के दायरे में है और दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के चलते विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है।
