जिले में बिजली का कहर: फसल की रखवाली कर रहे किसान की मौत, पिता गंभीर रूप से झुलसे; खपरैल का मकान जलकर स्वाहा

Follow Us

महासमुंद। जिले में मौसम का बदला मिजाज दो परिवारों के लिए काल बनकर टूटा। जिले में अलग-अलग जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने से जहाँ एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं एक अन्य घर जलकर खाक हो गया।

पहली दुखद घटना तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पिरदा छापाडबरी खार की है। यहाँ 50 वर्षीय किसान धर्मसिंह गोंड अपने बुजुर्ग पिता पुनीत राम गोंड (70 वर्ष) के साथ रात में मूंगफली की फसल की रखवाली करने गए थे। दोनों खेत में लगे परसा पेड़ पर मचान बनाकर सो रहे थे, तभी देर रात कड़कड़ाती आसमानी बिजली सीधे मचान पर आ गिरी। इस हादसे में धर्मसिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए तुमगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

दूसरी घटना कोमाखान थाना क्षेत्र के बाघामुड़ा गांव की है। यहाँ सुबह-सुबह प्रज्ञानंद देवांगन के खपरैल वाले मकान पर बिजली गिर गई, जिससे पूरे घर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते घर में रखा सारा घरेलू सामान और गाड़ियां जलकर राख हो गईं। गनीमत रही कि घटना के वक्त पूरा परिवार बगल के पक्के कमरों में था, जिससे उनकी जान बच गई। सूचना मिलते ही महासमुंद और बागबाहरा से पहुंचीं फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया।