NEET री-एग्जाम का तारीख तय: 21 जून को दोबारा होगी परीक्षा, पेपर लीक के 5 आरोपी सीबीआई की गिरफ्त में

Follow Us

नई दिल्ली। पेपर लीक विवाद के बाद रद्द हुई देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 की नई तारीख का आखिरकार ऐलान हो गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि अब यह परीक्षा 21 जून 2026 (रविवार) को दोबारा आयोजित की जाएगी। 3 मई को हुई परीक्षा के रद्द होने के बाद अधर में लटके करीब 22 लाख छात्रों और उनके अभिभावकों ने इस फैसले से बड़ी राहत की सांस ली है।

तारीखों के ऐलान के साथ ही NTA ने छात्रों को अफवाहों से बचने की सख्त चेतावनी दी है। एजेंसी ने अपील की है कि परीक्षार्थी केवल आधिकारिक वेबसाइट और हेल्पलाइन नंबरों पर ही भरोसा करें। नीट के आयोजन को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक हाई-लेवल समीक्षा बैठक हुई, जिसके तुरंत बाद यह बड़ा फैसला लिया गया।

दूसरी ओर, इस महा-घोटाले की जड़ों को उखाड़ने के लिए सीबीआई (CBI) की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसी ने जयपुर, गुरुग्राम और नासिक से जुड़े पेपर लीक नेटवर्क के 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पांचों आरोपियों को 7 दिनों की सीबीआई कस्टडी में भेज दिया है। सीबीआई का मानना है कि यह नेक्सस कई राज्यों में फैला हुआ है और रिमांड के दौरान पूछताछ में इस रैकेट के बड़े आकाओं के चेहरों से नकाब हटना तय है।