नई दिल्ली। देशभर की जनता को 15 मई की सुबह बड़ा झटका लगा है। करीब दो साल तक स्थिर रहने के बाद आखिरकार पेट्रोल और डीजल के दामों में भारी बढ़ोतरी कर दी गई। सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 3.14 प्रति लीटर और डीजल में ₹3.11 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। नई कीमतें आज यानी शुक्रवार, 15 मई 2026 से लागू हो गई हैं।
राजधानी दिल्ली में पेट्रोल अब 97.77 प्रति लीटर और डीजल 90.67 प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 106.68 और डीजल 93.14 प्रति लीटर पहुंच गया है। कोलकाता में पेट्रोल 108.74 और डीजल 95.13 प्रति लीटर हो गया, जबकि चेन्नई में पेट्रोल 103.67 और डीजल 95.25 प्रति लीटर मिल रहा है।
विशेषज्ञों के मुताबिक मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव, ईरान युद्ध और स्ट्रेट ऑफ होर्मूज में सप्लाई प्रभावित होने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही थीं। इसका असर अब भारतीय बाजार पर भी दिखने लगा है। माना जा रहा है कि, तेल कंपनियां लंबे समय से बढ़ते घाटे का सामना कर रही थीं, लेकिन पांच राज्यों के चुनाव के चलते कीमतों में बदलाव टाल दिया गया था। गौरतलब है कि, मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर 2 प्रति लीटर की राहत दी थी। अब दो साल बाद हुई इस बढ़ोतरी ने आम आदमी के घरेलू बजट और सफर दोनों को महंगा कर दिया है।
