जगदलपुर। बस्तर, जिसे दशकों तक केवल लाल आतंक और नक्सली संघर्ष की भूमि माना जाता था, अब एक क्रांतिकारी बदलाव की दहलीज पर खड़ा है। केंद्र और राज्य सरकार की नई रणनीतिक योजना के तहत, जंगलों के बीच स्थापित सुरक्षा बलों के फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस (FOB) यानी सुरक्षा कैंप अब केवल सैन्य ऑपरेशनों तक सीमित नहीं रहेंगे। गृह मंत्री अमित शाह नेतनार सीआरपीएफ कैंप से एक ऐसी नई शुरुआत करने जा रहे हैं, जहां ये कैंप अब ‘जन सुविधा केंद्रों’ के रूप में अपनी नई पहचान बनाएंगे।
इस योजना का सबसे अनूठा पहलू यह है कि कैंप के कुछ बैरकों को विशेष रूप से ग्रामीणों की समस्याओं के निपटारे के लिए समर्पित किया जाएगा। इन केंद्रों के माध्यम से आदिवासियों को उनके घर के पास ही डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उन्हें सरकारी कागजातों और ऑनलाइन सुविधाओं के लिए मीलों दूर भटकना नहीं पड़ेगा। इसके अलावा, स्थानीय युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम चलाए जाएंगे और वनोपज (माइनर फॉरेस्ट प्रोड्यूस) की प्रोसेसिंग यूनिट्स भी यहीं स्थापित की जाएंगी। यह कदम न केवल जंगल आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा, बल्कि सुरक्षाबलों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच भरोसे का एक नया पुल भी तैयार करेगा। अब बस्तर के इन कैंपों से न केवल गोलियों की गूंज बल्कि विकास और समृद्धि की नई पटकथा भी लिखी जाएगी।
