कोरबा। बालको थाना क्षेत्र के संगम नगर में हुए सनसनीखेज गोलीकांड में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। प्रेम प्रसंग के चलते युवती के पिता की जान लेने की कोशिश करने वाले शातिर आरोपी को बालको पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया है। यह मामला 19 फरवरी का है, जब आरोपी ने युवती के घर पहुंचकर उसके पिता पर सीधा फायर झोंक दिया था। गनीमत रही कि निशाना चूक गया और युवती के पिता बाल-बाल बच गए। इस वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं।
जांच में पता चला है कि पकड़ा गया आरोपी न केवल इस हमले का मुख्य चेहरा है, बल्कि उस पर डकैती और मारपीट जैसे कई अन्य गंभीर आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। इससे पहले पुलिस ने घटना के मुख्य सूत्रधार साहिल मासी को गिरफ्तार कर उसके पास से देशी कट्टा और कारतूस बरामद किया था, लेकिन वारदात की साजिश रचने और हथियार उपलब्ध कराने वाला यह शातिर अपराधी पुलिस को चकमा दे रहा था। मुखबिर की सटीक सूचना पर बालको थाना प्रभारी ने टीम के साथ दबिश दी और इसे गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि अवैध हथियारों की तस्करी और इस हमले से जुड़े अन्य मददगारों का पर्दाफाश किया जा सके। इस गिरफ्तारी से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।
