एनएचएम कर्मचारियों का जून में होगा बड़ा महासम्मेलन, स्वास्थ्य मंत्री सहित मुख्यमंत्री होंगे शामिल, कर्मचारियों की मांगों पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा

Follow Us

रायपुर। आज छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल द्वारा स्वास्थ्य मंत्री माननीय श्याम बिहारी जायसवाल जी से सौजन्य मुलाकात की गई। इस दौरान कर्मचारी संघ ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर माननीय मंत्री जी से विस्तारपूर्वक चर्चा की। माननीय मंत्री जी द्वारा मांगों के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया। अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर एनएचएम संघ के विशेष अनुरोध पर माननीय मंत्री जी से स्टाफ नर्स के पदनाम को “नर्सिंग ऑफिसर” एवं “सीनियर नर्सिंग ऑफिसर” किए जाने का अनुरोध किया गया, जिस पर माननीय मंत्री जी द्वारा सकारात्मक सहमति प्रदान की गई।

बहुत जल्द इसकी औपचारिक घोषणा होने की उम्मीद है। यह निर्णय नर्सिंग साथियों के सम्मान, पहचान एवं अधिकारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बैठक में आगामी जून माह में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। लगभग 15 जून के आसपास आयोजित होने वाले इस बड़े सम्मेलन में स्वास्थ्य मंत्री सहित माननीय मुख्यमंत्री जी के शामिल होने की संभावना व्यक्त की गई है। सम्मेलन से पूर्व एनएचएम कर्मचारियों की अधिकांश लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने की उम्मीद जताई गई है।

संघ द्वारा सभी कर्मचारियों एवं साथियों से महासम्मेलन की तैयारी में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता की अपील की गई है। यह महासम्मेलन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारियों के भविष्य, सम्मान एवं अधिकारों की लड़ाई में एक ऐतिहासिक एवं निर्णायक कदम साबित होगा। प्रतिनिधि मंडल में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित मिरी, प्रदेश संगठन प्रमुख डॉ. रविशंकर दीक्षित, संरक्षक हेमंत सिन्हा, महासचिव कौशलेश तिवारी, बेमेतरा जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी पुरन आनंद, दुर्ग जिला अध्यक्ष डॉ. आलोक शर्मा, दुर्ग जिला कोषाध्यक्ष शेखर ताम्रकार तथा जिला महिला विंग एवं स्टाफ नर्स लीना जेम्स सम्मिलित थीं।