जनप्रतिनिधियों की चेतावनी के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध शराब बेचने वाले 9 आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

मुंगेली। जिले के जरहागांव क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लंबे समय से क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। बताया जा रहा है कि, 11 मई को स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जरहागांव थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

जनप्रतिनिधियों ने कहा था कि, अवैध शराब के कारण सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है और युवाओं व महिलाओं पर इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। जांच के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की पुष्टि होने पर पुलिस ने दबिश देकर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश कश्यप, सुमित कश्यप, दीपक साहू समेत कुल 9 लोग शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए लोगों से भी अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की।