IPL सट्टे का ‘ब्लैक मनी नेटवर्क’ बेनकाब: रायगढ़ पुलिस की बड़ी रेड, करोड़ों कैश के साथ 3 गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़। जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और हवाला कारोबार पर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों के अवैध नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। संयुक्त पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान 1.02 करोड़ रुपये से अधिक नकदी, नोट गिनने की मशीन, मोबाइल फोन और डिजिटल लेनदेन से जुड़े अहम सबूत जब्त किए हैं। मामले में करन चौधरी, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया है।एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देशन में साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच में खुलासा हुआ कि आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाकर करोड़ों रुपये की काली कमाई की जा रही थी, जिसे हवाला नेटवर्क के जरिए सफेद किया जाता था।

पुलिस के मुताबिक, पहले चरण की कार्रवाई 26 अप्रैल को हुई थी, जिसमें छह लोगों को हिरासत में लिया गया था। मोबाइल चैट, कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच में रायगढ़ से लेकर रायपुर, बिलासपुर और दिल्ली तक फैले सट्टा नेटवर्क का खुलासा हुआ। आरोपी करन चौधरी पर आरोप है कि वह पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर और अन्य कारोबारों के जरिए कैश छिपाकर हवाला चैनल से रकम ट्रांसफर करता था। जांच में पुष्कर और उसके पिता सुनील अग्रवाल की भूमिका भी सामने आई, जो कथित तौर पर ब्लैक मनी को व्हाइट करने का काम करते थे। पुलिस ने दोनों के ठिकानों से 1 करोड़ रुपये से ज्यादा कैश बरामद किया। फिलहाल फरार आरोपी जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद और बड़े खुलासे हो सकते हैं।