रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर आज सियासी हलचलों का केंद्र बनी हुई है। भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की उच्चस्तरीय बैठक में आगामी 2028 विधानसभा चुनाव के लिए ‘विजय रणनीति’ का खाका खींचा जा रहा है। इस महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित सत्ता और संगठन के लगभग 400 शीर्ष नेता शामिल हैं। बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकार और संगठन के बीच तालमेल बिठाकर मिशन 2028 को फतह करना है।

इस कार्यसमिति में दो ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित होने की प्रबल संभावना है, जो राज्य की भावी राजनीति की दिशा तय करेंगे। पहला, बस्तर समेत पूरे प्रदेश से नक्सलवाद की समाप्ति की दिशा में उठाए गए कदमों के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रति ‘धन्यवाद प्रस्ताव’। दूसरा, महिला आरक्षण संशोधन बिल को लेकर विपक्ष के रुख के खिलाफ एक कड़ा ‘निंदा प्रस्ताव’। मुख्यमंत्री साय और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हो रहा यह मंथन न केवल कार्यकर्ताओं में नया जोश फूंकेगा, बल्कि संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी स्पष्ट करेगा। शाम तक चलने वाली इस बैठक के फैसलों पर पूरे प्रदेश की नजर टिकी हुई है।
