भीषण गर्मी के बीच छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम, बंगाल की खाड़ी से आ रहा ‘तूफानी’ बदलाव

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मई के तपते पखवाड़े के बीच बंगाल की खाड़ी में बने ‘लो प्रेशर एरिया’ ने मानसून की आहट तेज कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार, आज रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज अंधड़ चलने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं और इस सप्ताह के अंत तक अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में इसके सक्रिय होने की उम्मीद है।

मंगलवार को राजधानी रायपुर में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल किया, जहां पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया। दुर्ग 42.6 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। वर्तमान में एक चक्रवाती परिसंचरण और मध्य प्रदेश से मणिपुर तक फैली द्रोणिका के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। अगले 48 घंटों में बंगाल की खाड़ी का सिस्टम और अधिक प्रबल होगा, जिससे प्रदेश में कहीं-कहीं बिजली गिरने और धूल भरी हवाएं चलने के आसार हैं।

राजधानी रायपुर में आज दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शाम ढलते ही मौसम में ठंडक घुल सकती है। हालांकि, अधिकतम तापमान में कोई बड़ा गिरावट होने की संभावना नहीं है, लेकिन हल्की बूंदाबांदी उमस से राहत दिला सकती है।