गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र के मझगवां गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से चाचा और भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। जानकारी के अनुसार, दोनों रिश्तेदार परिवार में होने वाली शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे थे।
रास्ते में थकान के कारण वे मझगवां गांव के पास सड़क किनारे बैठकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि, दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बाइक सवार फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पीएम के लिए भेज दिया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद शादी की खुशियां गम में बदल गईं। पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान के प्रयास जारी हैं।
