वेदांता पावर प्लांट हादसा बना सियासी घमासान, युवा कांग्रेस की रिपोर्ट से मचा हड़कंप

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए हादसे को लेकर अब सियासत तेज हो गई है। युवा कांग्रेस ने इस मामले में फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट जारी कर गंभीर आरोप लगाए हैं और पूरे प्रदेश के पावर प्लांट्स का सेफ्टी ऑडिट कराने की मांग उठाई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा और कुनकुरी नगर पालिका अध्यक्ष विनयशील गुप्ता ने दावा किया कि, हादसे की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि, प्लांट के संचालन में गंभीर लापरवाही बरती गई है, लेकिन अब तक एफआईआर सार्वजनिक नहीं की गई, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

युवा कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि, हादसे से 10 दिन पहले प्लांट में शॉर्ट शटडाउन हुआ था, जिसके बाद उद्योग विभाग से अनुमति लेना जरूरी होता है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि अनुमति ली गई थी या नहीं। इसके साथ ही उन्होंने पूरे प्रदेश में सभी पावर प्लांट्स की सुरक्षा जांच कराने की मांग दोहराई। उनका कहना है कि, क्या सिर्फ मुआवजा देकर इस मामले को खत्म कर दिया जाएगा? यदि एफआईआर सार्वजनिक नहीं की गई और सख्त धाराएं नहीं लगाई गईं तो युवा कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी। यह मामला अब केवल हादसा नहीं, बल्कि राजनीतिक और प्रशासनिक जवाबदेही का बड़ा मुद्दा बन गया है।