धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम कोर्रा में एक युवक के खिलाफ गंभीर आरोप सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद गांव में हड़कंप मच गया, जिसमें एक व्यक्ति को गाय के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करते हुए बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों में आक्रोश फैल गया और मामले की शिकायत तुरंत पुलिस को दी गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और मामले में पशु क्रूरता से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके पुराने रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। इस घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
