पशु तस्करी का बड़ा खुलासा: लावारिस ट्रक से 19 भैंस बरामद, चालक फरार

Follow Us

आरंग। आरंग पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध मालवाहक वाहन से 19 भैंसों को बरामद किया है। यह कार्रवाई ग्राम गुल्लू और गुदगुदा के बीच मुख्य मार्ग पर की गई, जहां एक ट्रक लंबे समय से लावारिस हालत में खड़ा मिला। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, उत्तर प्रदेश नंबर का एक वाहन संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन की घेराबंदी की। पुलिस को देख चालक और उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

जब वाहन की तलाशी ली गई तो अंदर का दृश्य देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। ट्रक में 19 भैंसों को बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर बांधा गया था। कई मवेशी बदहाली की हालत में मिले। पुलिस ने तुरंत सभी भैंसों को बाहर निकलवाकर सुरक्षित कांजीहाउस पहुंचाया, जहां उनके खाने और पानी की व्यवस्था की गई। प्राथमिक जांच में मामला अंतरराज्यीय पशु तस्करी से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और वाहन नंबर के आधार पर मालिक व चालक की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।