अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 9 पेटी एमपी शराब बरामद, 3 गिरफ्तार

Follow Us

राजनादगांव। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाले के पास छिपाकर रखी गई 9 पेटी मध्यप्रदेश की शराब बरामद की है। यह शराब अवैध रूप से बिक्री के लिए डंप की गई थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य तस्कर फरार हो गया है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहारा क्षेत्र के कोटरीछापर रोड स्थित मुढिया नाले के पास बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई है।

सूचना पर टीम ने तत्काल घेराबंदी की और दबिश दी। इस दौरान कुछ लोग मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए देवव्रत वर्मा, चुम्मन सिन्हा और महेंद्र वर्मा को पकड़ लिया। तलाशी में पुलिस ने 9 पेटी अवैध शराब जब्त की, जो मध्यप्रदेश से लाई गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह शराब अवैध बिक्री के लिए डंप की गई थी। वहीं इस पूरे नेटवर्क का मुख्य आरोपी नंदकिशोर वर्मा अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है और अन्य लिंक भी खंगाले जा रहे हैं।