रायपुर । प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने रायगढ़ और महासमुंद जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि, आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है, इसलिए खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और खेतों से दूर रहने की आवश्यकता है। किसानों और बाहर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि 11 मई के बाद इन गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि, आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे मौसम में गर्मी का असर भी बढ़ेगा।
