बंगाल। पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचे। शपथ ग्रहण समारोह से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुवेंदु अधिकारी के साथ मिनी रोड शो किया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक शामिल हुए। इस दौरान “जय श्रीराम” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री के साथ चार अन्य विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। हालांकि उनके नामों की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।
इससे पहले भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुवेंदु अधिकारी के नाम का ऐलान किया था।
इसके बाद उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। शपथ ग्रहण समारोह में देशभर से भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के कई बड़े नेता पहुंचे हैं। करीब 20 राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु-संतों की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी रही। सुवेंदु अधिकारी ने शपथ से पहले कहा कि यह पश्चिम बंगाल में विकास, शांति और “डबल इंजन” सरकार के नए दौर की शुरुआत है। उन्होंने इसे “सोनार बांग्ला” के सपने को पूरा करने वाला ऐतिहासिक दिन बताया।
