ताड़मेटला नक्सली हमले में सभी आरोपी बरी: हाईकोर्ट के फैसले पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा बोले- ‘अभी न्याय की लड़ाई बाकी’

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने चर्चित ताड़मेटला नक्सली हमले मामले में सभी आरोपियों को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया है। इस फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए छत्तीसगढ़ के उप सीएम विजय शर्मा ने कहा कि, अभी न्यायालय का रास्ता पूरी तरह बंद नहीं हुआ है और आगे भी कानूनी विकल्प मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि, पहले निचली अदालत में दोष सिद्ध नहीं हो पाया था, जिसके बाद राज्य सरकार ने हाईकोर्ट में अपील की थी, लेकिन वहां भी आरोप साबित नहीं हो सके। विजय शर्मा ने कहा कि, सरकार इस पूरे मामले का अध्ययन कर आगे की रणनीति तय करेगी।

गौरतलब है कि, 6 अप्रैल 2010 को सुकमा जिले के ताड़मेटला जंगल में नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमला किया था। इस भीषण हमले में सीआरपीएफ के 76 जवान शहीद हो गए थे। यह देश के सबसे बड़े नक्सली हमलों में गिना जाता है। हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि, अभियोजन पक्ष आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त और ठोस साक्ष्य पेश करने में असफल रहा। अदालत ने जांच में कई गंभीर खामियों का भी उल्लेख किया, जिनमें प्रत्यक्षदर्शी गवाही, फोरेंसिक रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों की कमी शामिल है। इसी दौरान विजय शर्मा ने अर्बन नक्सलियों पर कार्रवाई को लेकर कहा कि, राज्य में सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता से काम कर रही हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। वहीं सुशासन तिहार को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर भी उन्होंने पलटवार किया।