लखनऊ। लखनऊ सुपर जायंट्स ने शानदार वापसी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 9 रन से हराकर लगातार छह हार का सिलसिला खत्म कर दिया। इकाना स्टेडियम में खेले गए बारिश प्रभावित मुकाबले में लखनऊ ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में दमदार प्रदर्शन किया। बारिश के कारण मैच 19-19 ओवर का किया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 3 विकेट पर 209 रन बनाए। इसके बाद डीएलएस नियम के तहत बेंगलुरु को 213 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन टीम 19 ओवर में 6 विकेट खोकर 203 रन ही बना सकी।

लखनऊ की जीत के सबसे बड़े हीरोमिचेल मार्श रहे, जिन्होंने 56 गेंदों में 111 रन की विस्फोटक शतकीय पारी खेली। उन्होंने मैदान के चारों ओर चौकों-छक्कों की बारिश कर दी। कप्तान ऋषभ पंत ने भी अंत में तेज बल्लेबाजी करते हुए 10 गेंदों में नाबाद 32 रन जोड़े। बेंगलुरु की शुरुआत बेहद खराब रही और विराट कोहली बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। हालांकि कप्तान रजत पाटीदार ने 61 रन और टिम डेविड ने तेज 40 रन बनाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा, लेकिन जीत नहीं दिला सके। गेंदबाजी में युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके और लखनऊ की जीत में अहम भूमिका निभाई।

