रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन ‘कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स’ (CAIT) ने छत्तीसगढ़ में अपने संगठनात्मक ढांचे को नई धार देते हुए नई टीम की घोषणा कर दी है। राष्ट्रीय नेतृत्व की अनुशंसा और प्रदेश कोर कमेटी की सर्वसम्मति से हुई बैठक के बाद वरिष्ठ व्यापारी नेता परमानंद जैन को प्रदेश अध्यक्ष की महत्वपूर्ण कमान सौंपी गई है। उनके साथ युवा ऊर्जा का समावेश करते हुए अवनीत सिंह को प्रदेश महामंत्री, विजय पटेल को प्रदेश कोषाध्यक्ष और राजेंद्र खटवानी को प्रदेश कार्यालय प्रभारी नियुक्त किया गया है। कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी ने बताया कि, यह निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया और राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल की सहमति से लिया गया है।
नई टीम का मुख्य लक्ष्य अनुभव और युवा नेतृत्व के समन्वय से प्रदेश के 12 लाख व्यापारियों को एक सशक्त मंच पर लाना है। पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि, संगठन अब केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रत्येक जिले और तहसील स्तर तक अपनी पहुंच मजबूत करेगा। नई रणनीति के तहत ई-कॉमर्स और विदेशी कंपनियों की अनुचित व्यापारिक गतिविधियों के खिलाफ निर्णायक संघर्ष किया जाएगा। साथ ही, ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान के जरिए छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

नवनियुक्त अध्यक्ष परमानंद जैन और महामंत्री अवनीत सिंह ने कहा कि, व्यापारियों के हितों की रक्षा और व्यापार अनुकूल नीतियों के निर्माण के लिए सरकार के साथ प्रभावी संवाद किया जाएगा। डिजिटल समन्वय और आधुनिक कार्यप्रणाली के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी। अमर पारवानी ने विश्वास जताया कि यह नई टीम व्यापारियों के मुद्दों को स्थानीय स्तर से राष्ट्रीय मंच तक प्रभावी ढंग से पहुँचाएगी। इस फेरबदल के बाद पूरे प्रदेश में संगठन विस्तार और व्यापारी जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी शुरू हो गई है, जिससे व्यापारिक समुदाय में नई ऊर्जा का संचार होने की उम्मीद है।
