सूरजपुर। जिला न्यायालय परिसर में दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। हैरानी की बात यह है कि, पूरी वारदात कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। जानकारी के मुताबिक, एक वकील के मुंशी ने रोज की तरह अपनी नीले रंग की पल्सर NS 160 बाइक कोर्ट परिसर की पार्किंग में खड़ी की थी।
इसी दौरान एक युवक मौके का फायदा उठाकर बाइक लेकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बेहद शातिर तरीके से बाइक को बिना स्टार्ट किए पैरों से धक्का देकर पार्किंग से बाहर निकालता दिखाई दे रहा है। फुटेज में वह सड़क तक बाइक को इसी तरह ले जाता नजर आया, ताकि किसी को शक न हो। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि, घटना कोतवाली थाना से महज कुछ दूरी पर हुई। इसके बावजूद चोर आसानी से बाइक लेकर निकल गया।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं कोर्ट परिसर जैसी संवेदनशील जगह पर हुई इस चोरी ने सुरक्षा इंतजामों और पार्किंग निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
