मानसून से पहले एक्शन मोड में सरकार! डिप्टी सीएम अरुण साव करेंगे पीडब्लूडी कार्यों की बड़ी समीक्षा

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून आने से पहले लोक निर्माण विभाग की तैयारियों को लेकर सरकार एक्टिव मोड में नजर आ रही है। उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव 7 और 8 मई को राजधानी रायपुर में विभागीय कार्यों की बड़ी समीक्षा बैठक करने जा रहे हैं। यह बैठक नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में आयोजित होगी, जिसमें प्रदेशभर में चल रहे सड़क, पुल और अधोसंरचना परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की जाएगी।

पहले दिन राष्ट्रीय राजमार्ग, सेतु निर्माण और विद्युत-यांत्रिकी कार्यों की समीक्षा होगी। वहीं दूसरे दिन प्रदेश के पांचों संभागों में जारी सड़क निर्माण परियोजनाओं की स्थिति का आकलन किया जाएगा। माना जा रहा है कि, सरकार निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर सख्त रुख अपना सकती है। सूत्रों के मुताबिक पिछले ढाई वर्षों में हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी मिली, लेकिन कई परियोजनाएं अब तक पूरी नहीं हो पाई हैं।

निर्माण सामग्री, खासकर डामर और अन्य संसाधनों की बढ़ती कीमतों के कारण कई ठेकेदारों ने टेंडर मिलने के बावजूद काम शुरू नहीं किया है। सरकार का फोकस अब बारिश शुरू होने से पहले अधिक से अधिक परियोजनाओं को गति देने पर है। क्योंकि 15 जून से 15 सितंबर तक भारी बारिश के चलते सड़क और निर्माण कार्यों पर असर पड़ता है। ऐसे में माना जा रहा है कि, समीक्षा बैठक में अधिकारियों और ठेकेदारों को तय समय में काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए जा सकते हैं।