CG क्राइम: नाबालिग से गैंगरेप केस में बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी सलाखों के पीछे

Follow Us

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक खबर सामने आई है, जहाँ बागबहार थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों, आकाश कुजूर (18) और नितेश कुजूर (22), को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

घटना 5 मई की रात की है। पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी आकाश ने पहले नाबालिग को मिलने के लिए बुलाया था, लेकिन जब वह नहीं गई, तो आरोपियों ने साजिश रची। रात करीब 9 बजे जब मासूम शौच के लिए खेत की ओर गई थी, तभी घात लगाए बैठे आकाश और नितेश ने उसे दबोच लिया। आरोपी उसे जबरन घसीटते हुए सुनसान जगह पर ले गए और जान से मारने की धमकी देकर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।

किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर घर पहुँची पीड़िता ने परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर तत्काल एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों दरिंदों को उनके घर से धर दबोचा। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट (POCSO) के तहत कड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।