सुसाइड केस: प्रेमी-प्रेमिका ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

Follow Us

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना चोरहापड़ाव रेलवे स्टेशन के पास हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर दो शव क्षत-विक्षत हालत में मिले। मृतकों की पहचान 20 वर्षीय युवक और 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के रूप में हुई है। दोनों के शवों की स्थिति देखकर यह स्पष्ट हुआ कि, उनकी मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। घटनास्थल से एक बाइक भी बरामद हुई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि, दोनों उसी से मौके पर पहुंचे थे।

प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस किसी सुसाइड नोट की तलाश कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि दोनों ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। मामले की जांच जारी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।