लूट की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी गिरफ्तार, कब्जे से दो नग मोबाइल व नगदी राशि हुई बरामद

Follow Us

रायपुर। शुक्रवार को थाना खमतराई में प्रार्थी मोहम्मद सिराज द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि गुरुवार को वह ग्राम चरौदा से रात्रि में अपने घर वापस आ रहा था। इसी दौरान ग्राम धनेली के पास दो अज्ञात आरोपियों द्वारा उसे रोकने का प्रयास किया गया। न रुकने पर आरोपी अपने एक्टिवा वाहन से पीछा करते हुए अंडोर कंपनी, बीरगांव तक आ गए। रात्रि लगभग 11:30 बजे आरोपियों ने “गाड़ी क्यों नहीं रोके” कहते हुए प्रार्थी के साथ मारपीट कर उसे चोट पहुंचाई तथा उसकी जेब में रखे दो नग कीपैड मोबाइल एवं नगदी 3000 लूटकर फरार हो गए। वहीं प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना खमतराई में बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आपको बता दें की वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा प्रार्थी से घटना व आरोपियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई। टीम द्वारा घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का अवलोकन किया गया तथा प्रकरण में मुखबिर सक्रिय किया गया। इसी दौरान आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त होने पर टीम द्वारा आरोपी रविशंकर साहू एवं अनमोल साहू को पकड़ कर पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने लूट की उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।