बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिला मुख्यालय में प्रशासन ने अवैध मिट्टी और मुरुम उत्खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में मशीनरी जब्त की है। इस कार्रवाई में दो जेसीबी, दो टिप्पर और एक चैन माउंटिंग मशीन को कब्जे में लिया गया है। खास बात यह रही कि, यह कार्रवाई मीडिया द्वारा सूचना दिए जाने के बाद की गई, जिससे निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी अनुसार, वेंकटराव कॉलेज के पीछे लंबे समय से बिना अनुमति ठेकेदार द्वारा अवैध खुदाई की जा रही थी। भारी मशीनों के जरिए नियमों को दरकिनार कर मिट्टी और मुरुम निकाला जा रहा था। सूचना मिलने पर खनिज विभाग और राजस्व टीम मौके पर पहुंची और तुरंत उत्खनन कार्य को बंद कराया। अधिकारियों ने मौके से सभी मशीनों को जब्त कर लिया और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एसडीएम ने बताया कि, पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि, यह अवैध उत्खनन लंबे समय से चल रहा था और प्रशासन को इसकी जानकारी होने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई। खास बात यह है कि, यह स्थान कलेक्टर कार्यालय से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है। इस घटना के बाद जिले में अन्य जगहों पर भी चल रहे अवैध उत्खनन को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
