रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस द्वारा कमजोर सीटों पर फोकस करने के बयान पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस पूरी तरह दिशाहीन हो चुकी है और उसके पास न मजबूत नेतृत्व है, न स्पष्ट नीयत। मीडिया से बातचीत में साव ने आरोप लगाया कि, कांग्रेस भ्रम और अफवाह फैलाकर राजनीति करने में लगी है, लेकिन जनता अब उनकी रणनीति को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि, प्रदेश में अब विकास और सुशासन का माहौल है, जिसे जनता आगे भी बनाए रखना चाहती है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे पर साव ने कहा कि, केंद्र और राज्य सरकार मिलकर नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं। बस्तर क्षेत्र में अब विकास की नई दिशा तय हो रही है और इसे देश का सबसे विकसित आदिवासी क्षेत्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए साव ने कहा कि, विपक्ष केवल आरोप लगाने में व्यस्त है, जबकि उसे जनता की मूलभूत समस्याओं की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि सुशासन और विकास के मुद्दों पर सरकार लगातार काम कर रही है और जनता का भरोसा सरकार के साथ है। साव ने यह भी कहा कि, प्रदेश की जनता ने नकारात्मक राजनीति को नकार दिया है और अब विकास आधारित राजनीति को प्राथमिकता दी जा रही है।
