कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां IED ब्लास्ट में DRG के तीन बहादुर जवान शहीद हो गए। इस हादसे में एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है। बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज ने घटना की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में शनिवार को कांकेर DRG की टीम सर्चिंग ऑपरेशन पर निकली थी। अभियान के दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा पहले से प्लांट किया गया एक IED मिला। सुरक्षा मानकों के तहत उसे बाहर निकालकर निष्क्रिय किया जा रहा था, तभी अचानक विस्फोट हो गया।

इस विस्फोट में DRG इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले मौके पर ही शहीद हो गए। वहीं कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है। आईजी सुंदरराज के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर सैकड़ों IED बरामद कर निष्क्रिय किए जा चुके हैं। इसके बावजूद यह घटना बताती है कि नक्सल प्रभावित इलाकों में खतरा अब भी बना हुआ है। यह हादसा सुरक्षा बलों के साहस और जोखिम भरे कर्तव्यों की याद दिलाता है। शहीद जवानों की बहादुरी को पूरा देश सलाम करता है।
