आईसीआईसीआई बैंक में 1.38 करोड़ का घोटाला: डिप्टी मैनेजर ने पति संग रची साजिश, ग्राहकों का सोना बदलकर फरार

Follow Us

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बैंकिंग सिस्टम को झकझोर देने वाला बड़ा घोटाला सामने आया है। मंगला स्थित ICICI Bank की शाखा में करीब 1.38 करोड़ रुपये की हेराफेरी का खुलासा हुआ है। आरोप है कि, डिप्टी ब्रांच मैनेजर ने अपने पति के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी की और गोल्ड लोन में गिरवी रखे गए असली सोने को नकली गहनों से बदल दिया।

मामला तब उजागर हुआ जब बैंक प्रबंधन ने रिकॉर्ड और लॉकर की जांच की। जांच में गोल्ड लोन के पाउच में नकली आभूषण मिले, जिससे हड़कंप मच गया। आगे की पड़ताल में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए कई अवैध ट्रांजेक्शन भी किए। जानकारी के अनुसार, करीब 87 लाख रुपये के 14 संदिग्ध लेनदेन किए गए, वहीं एक महिला ग्राहक की एफडी से ओवरड्राफ्ट के जरिए लाखों रुपये निकाल लिए गए। कई ग्राहकों के निवेश से जुड़े दस्तावेज भी रिकॉर्ड से गायब पाए गए हैं।

बताया जा रहा है कि, आरोपी महिला बैंकिंग सेवा के नाम पर ग्राहकों के मोबाइल ऐप का एक्सेस लेकर धोखाधड़ी को अंजाम देती थी। घटना अगस्त 2024 से सितंबर 2025 के बीच की बताई जा रही है। शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी महिला अधिकारी और उसका पति फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।