रायपुर। राजधानी रायपुर के बहुमंजिला कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में लिफ्ट सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। गुरुवार सुबह फाफाडीह स्थित पिथालिया कॉम्प्लेक्स में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक IAS अधिकारी की पत्नी लिफ्ट में फंस गईं। जानकारी के अनुसार, IAS अधिकारी सिद्धार्थ कोमल परदेशी की पत्नी गार्गी परदेशी सुबह करीब 8 बजे जिम जाने के लिए लिफ्ट का उपयोग कर रही थीं। इसी दौरान अचानक लिफ्ट तकनीकी खराबी के कारण रुक गई और वे अंदर फंस गईं।घटना से कॉम्प्लेक्स में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही नगर निगम और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है और लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी 20 अप्रैल को रायपुर के करेंसी टॉवर में वरिष्ठ IAS ऋचा शर्मा लिफ्ट में फंस चुकी हैं, जहां इमरजेंसी सुविधाओं की कमी सामने आई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने शहर की इमारतों में लिफ्ट सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
