अर्धनग्न होकर आरोपी ने पुलिस टीम को धमकाया, गिरफ्तारी से बचने किया ड्रामा

Follow Us

रायपुर। राजधानी के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में बीती रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां उड़ीसा पुलिस की टीम को आरोपी और उसके साथियों ने धमकाया और बदसलूकी की। जानकारी के अनुसार, उड़ीसा पुलिस एक युवती की शिकायत पर दर्ज यौन शोषण मामले में आरोपी योगेश जायसवाल (ब्लॉक नंबर 6, सिंगापुर सिटी) को नोटिस देने रायपुर पहुंची थी। आरोपी पहले से ही अन्य मामलों में नामजद था और खुद को बाइक राइडर बताता है। जब पुलिस टीम आरोपी को पकड़ने गई, तो योगेश अर्धनग्न अवस्था में बाहर आया और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी करने लगा। उसने पुलिसकर्मियों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने और उन्हें सस्पेंड कराने की धमकी भी दी। घटना का वीडियो स्थानीय लोगों द्वारा रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर तेजी से फैलाया गया। इस घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उड़ीसा पुलिस के प्रयासों के बावजूद स्थानीय स्तर पर इस तरह का विरोध और दुर्व्यवहार गंभीर चिंता का विषय बन गया है। रायपुर पुलिस इस मामले में कदम उठाएगी, और आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, धमकी देने और अभद्रता करने के आरोप में मामला दर्ज किया जाएगा या नहीं, यह जल्द स्पष्ट होगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस अधिकारियों द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।