CG में रफ्तार का कहर: शादी से लौट रही कार पलटी, 10 घायल; बिलासपुर में ऑटो-कार की टक्कर में महिला की मौत

Follow Us

मोहला-मानपुर/बिलासपुर। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से सड़क हादसों की दिल दहला देने वाली खबरें सामने आ रही हैं। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में नेशनल हाईवे-930 पर एक बड़ा हादसा हुआ, जहाँ एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में एक ही परिवार के 10 लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि, ये सभी लोग बालोद जिले के भरदा कला गांव के रहने वाले हैं और कांकेर में एक शादी समारोह से लौट रहे थे।

ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को पहले मानपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। गौरतलब है कि, इसी हाईवे पर एक दिन पहले भी एक मालवाहक वाहन खाई में गिरा था, जिसमें तीन महिलाओं की जान चली गई थी। लगातार हो रहे हादसों से आक्रोशित ग्रामीण अब हाईवे की बदइंतजामी के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं।

दूसरी ओर, बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में भी तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहाँ लालखदान ब्रिज के पास एक बेकाबू कार ने सवारी ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि, ऑटो में सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक और अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। इन बैक-टू-बैक हादसों ने प्रदेश में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर लगाम कसने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।