रायपुर में पूर्व विधायक के बेटे की मौत से हड़कंप! फांसी पर मिला शव, घरेलू कलह की आशंका

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पूर्व विधायक घनाराम साहू के पुत्र जय साहू की मौत से सनसनी फैल गई है। 45 वर्षीय जय साहू कथित तौर पर फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में आत्महत्या के पीछे घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार के लोगों से पूछताछ के आधार पर घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

घटना सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। जय साहू, पूर्व विधायक घनाराम साहू के पुत्र थे। घनाराम साहू गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुके हैं और क्षेत्रीय राजनीति में प्रभावशाली चेहरा माने जाते रहे हैं। बताया जा रहा है कि, घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस पीएम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकला है। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और लोग आत्महत्या के पीछे की वजह जानने को लेकर चर्चा कर रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।