डिजिटल पेमेंट सेक्टर की दिग्गज कंपनी Paytm की पेरेंट कंपनी One97 Communications को बड़ा झटका लगा है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने Paytm Payments Bank (PPBL) का बैंकिंग लाइसेंस रद्द करते हुए बैंकिंग संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया है। इस फैसले के बाद फिनटेक सेक्टर में हलचल तेज हो गई है। RBI के आदेश के मुताबिक, Paytm Payments Bank लाइसेंस से जुड़ी शर्तों और नियामकीय मानकों का लगातार पालन करने में विफल रहा, जिसके चलते यह सख्त कार्रवाई की गई। केंद्रीय बैंक ने साफ किया है कि, अब PPBL किसी भी तरह की बैंकिंग गतिविधि नहीं कर सकेगा।

हालांकि RBI ने ग्राहकों को राहत देते हुए कहा है कि, जमा धनराशि सुरक्षित है और बैंक के पास भुगतान के लिए पर्याप्त लिक्विडिटी मौजूद है। ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है और उनके हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। इस फैसले का असर Paytm के बिजनेस मॉडल पर पड़ सकता है, क्योंकि कंपनी की कई सेवाएं बैंकिंग और पेमेंट इकोसिस्टम से जुड़ी हैं। बाजार में भी इसका असर दिखा और कंपनी के शेयर दबाव में नजर आए। दिलचस्प बात यह है कि, हालिया तिमाही में कंपनी ने मुनाफा दर्ज किया था और रेवेन्यू में भी बढ़त देखने को मिली थी, लेकिन RBI की कार्रवाई ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। अब बाजार की नजर इस बात पर है कि, One97 Communications इस संकट से कैसे निपटती है और Paytm अपनी सेवाओं को नए ढांचे में किस तरह आगे बढ़ाती है।
