रायपुर। सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट हादसे में मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। 14 अप्रैल को हुए इस भीषण हादसे में अब तक 25 मजदूरों की जान जा चुकी है। ताजा मामला पश्चिम बंगाल के मजदूर विश्वजीत साहू की मौत का है, जिन्होंने रायपुर के श्री शंकरा अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि, इलाज के दौरान उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिससे उनकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई। गौरतलब है कि, प्लांट के बॉयलर फर्नेस में अत्यधिक ईंधन जमा होने से दबाव असामान्य रूप से बढ़ गया था। दबाव बढ़ने के कारण बॉयलर का निचला पाइप अपनी जगह से हट गया और जोरदार विस्फोट हुआ।
इस हादसे में कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिनका इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है। मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, प्लांट हेड देवेंद्र पटेल समेत 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। इधर, हादसे की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर संभाग आयुक्त को उच्चस्तरीय जांच सौंपी गई है। जांच अधिकारी 29 अप्रैल को आमजन, प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित पक्षों से साक्ष्य और दस्तावेज लेंगे। प्रशासन का कहना है कि, हादसे की असली वजह सामने लाकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित की जाएगी.
