आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने लौटा दी सरकारी सप्लाई, गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल

Follow Us

बस्तर। जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वितरित साड़ियों को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने साड़ियों की खराब गुणवत्ता का आरोप लगाते हुए सामूहिक रूप से उन्हें वापस कर दिया है, जिससे पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि, उन्हें जो साड़ियां दी गईं, उनका कपड़ा बेहद पतला और पारदर्शी है, जिसे पहनकर सार्वजनिक स्थानों पर काम करना असहज और अपमानजनक महसूस होता है।

इसके अलावा, निर्धारित 5.5 मीटर लंबाई के बजाय साड़ियां करीब 5 मीटर या उससे भी कम पाई गईं, जिससे ड्यूटी के दौरान परेशानी हो रही है। महिलाओं ने यह भी शिकायत की कि, साड़ियों का रंग पहली ही धुलाई में उतरने लगा, जो उनकी गुणवत्ता पर सवाल खड़ा करता है। जिले में कुल 1981 आंगनबाड़ी केंद्रों में इन साड़ियों का वितरण होना था, लेकिन विरोध के चलते पूरी प्रक्रिया विवादों में घिर गई है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि, इस मामले में गुणवत्ता मानकों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उन्हें बेहतर गुणवत्ता की नई साड़ियां उपलब्ध कराई जाएं। उनका कहना है कि, इस तरह की सामग्री देना उनके सम्मान और कार्यक्षमता दोनों को प्रभावित करता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री स्तर पर भी संज्ञान लिया गया है। संबंधित विभाग को साड़ियों को वापस मंगाने और पूरी खरीदी प्रक्रिया की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। अब यह देखना अहम होगा कि, जांच में क्या सामने आता है और कार्यकर्ताओं की मांगों पर क्या कार्रवाई होती है।