डिगारू। कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस बुधवार सुबह डिगारू रेलवे स्टेशन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सुबह करीब 6:54 बजे ट्रेन के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में सात यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात है कि घटना में किसी की मौत की सूचना नहीं है।
मौके पर पहुंची राहत और बचाव टीम
हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। प्रभावित डिब्बों में मौजूद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। बचाव कार्य में सहायता के लिए रिलीफ ट्रेन भी घटनास्थल पर भेजी गई। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं।
कई रेल सेवाओं का परिचालन प्रभावित
दुर्घटना के कारण पूर्वोत्तर क्षेत्र में रेल यातायात पर असर पड़ा है। ऊपरी असम की ओर जाने वाली ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ है। वहीं, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा की ओर जाने वाली कुछ रेल सेवाओं के मार्ग में भी बदलाव किया गया है। रेलवे प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है।
