इंडिगो फ्लाइट में 3 साल के मासूम की बिगड़ी तबीयत, सूरत एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग, समय रहते बची जान

Follow Us

सूरत। अहमदाबाद से मुंबई जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6E-7018) में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तीन साल का एक बच्चा अचानक बेहोश हो गया। स्थिति गंभीर होने पर पायलट ने तुरंत मेडिकल इमरजेंसी घोषित करते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और सूरत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई।

जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान तीन वर्षीय सौरभ की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। फ्लाइट में मौजूद डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर पायलट ने तत्काल मेडिकल इमरजेंसी घोषित कर विमान को सूरत की ओर मोड़ दिया।

ATC से अनुमति मिलते ही सूरत एयरपोर्ट पर आपातकालीन तैयारियां शुरू कर दी गईं। CISF, एयरपोर्ट की मेडिकल टीम और इंडिगो की ग्राउंड स्टाफ पहले से ही रनवे पर तैनात रहे। विमान के उतरते ही बच्चे को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया और एम्बुलेंस के जरिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

समय पर लिए गए फैसले और विभिन्न एजेंसियों के बेहतर समन्वय के कारण बच्चे को जल्द चिकित्सा सुविधा मिल सकी। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में पायलट, एयर ट्रैफिक कंट्रोल और एयरपोर्ट की आपातकालीन टीमों की त्वरित कार्रवाई यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाती है।