पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त आज जारी, करोड़ों किसानों के खाते में आएंगे रु.2000; ऐसे चेक करें स्टेटस

Follow Us

नई दिल्ली। देश के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। पीएम नरेंद्र मोदी आज पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इस किस्त के तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में सीधे 2 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की जाएगी। प्रधानमंत्री यह किस्त पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से जारी करेंगे। यह पहला मौका है जब पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान पीएम किसान योजना की नई किस्त किसानों को समर्पित की जाएगी। सरकार के अनुसार, इस बार देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में करीब 18,880 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि DBT के माध्यम से भेजी जाएगी।

पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को हर साल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में यानी 2-2 हजार रुपये करके किसानों के खाते में पहुंचाई जाती है। अब तक इस योजना के जरिए किसानों को 22 किस्तों में करीब 4.28 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जा चुकी है। पश्चिम बंगाल के भी 44 लाख से ज्यादा किसानों को इस किस्त का लाभ मिलेगा। सरकार का कहना है कि, यह राशि किसानों को बीज, खाद, कीटनाशक और खेती से जुड़े अन्य जरूरी खर्चों में मदद करेगी। किसान अपनी किस्त का स्टेटस घर बैठे पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं। इसके लिए लाभार्थी सूची में अपना नाम और भुगतान की जानकारी देखी जा सकती है।