संदिग्ध हालात में 19 वर्षीय युवती की मौत, पुलिस को बिना सूचना अंतिम संस्कार की तैयारी, जांच शुरू

Follow Us

मुगलसराय। कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में शुक्रवार देर रात 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल बन गया। मृतका की पहचान खुशी सिंह (19) पुत्री बबलू सिंह के रूप में हुई है। परिवार स्थानीय सभासद आरती यादव के मकान में किराए पर रहता है। खुशी के पिता ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बताया गया कि खुशी पांच बहनों में चौथे स्थान पर थी।

घटना के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच सूचना मिलने पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मामला फंदे से लटककर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। चर्चा है कि युवती हाल ही में अपने मित्रों के साथ बिना परिजनों को बताए दार्जिलिंग घूमने गई थी, जिसको लेकर घर लौटने पर उसे डांट भी पड़ी थी। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच जारी है।