दुर्गूकोंदल में 17 शिक्षक वर्षों से अटैच, मूल स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित

Follow Us

शासन के संलग्नीकरण समाप्त करने के निर्देशों के बावजूद नहीं हुई वापसी, 1 से 10 साल तक दूसरे संस्थानों में दे रहे सेवाएं
छात्रावास-अधीक्षक से लेकर विधायक कार्यालय तक शिक्षकों की तैनाती, आखिर कब होगी शासन के आदेशों की पालना?

दुर्गूकोंदल। विकासखंड दुर्गूकोंदल में शिक्षकों के संलग्नीकरण का मामला एक बार फिर चर्चा में है। विकासखंड के 17 शिक्षक एवं व्याख्याता लंबे समय से अपनी मूल पदस्थापना संस्था को छोड़कर दूसरे संस्थानों और कार्यालयों में अटैच होकर कार्य कर रहे हैं। इनमें कुछ शिक्षक पिछले 7 से 8 वर्षों से तो कुछ लगभग 10 वर्षों से अन्य संस्थाओं में सेवाएं दे रहे हैं। इसके चलते उनकी मूल पदस्थापना वाली शालाओं में शिक्षकीय कार्य प्रभावित होने की बात सामने आ रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासखंड के चार शिक्षक अध्ययन कार्य, 11 शिक्षक-शिक्षिकाएं छात्रावास एवं अधीक्षक संबंधी कार्य, एक शिक्षक मंडल संयोजक के कार्य तथा एक व्याख्याता विधायक कार्यालय में अटैच हैं। इनमें कुछ शिक्षक अपनी मूल संस्था से 5 से 30 किलोमीटर तक दूर स्थित संस्थानों में कार्यरत हैं।

अटैच शिक्षकों में रामस्वरूप कोठारी गोटुलमुंडा से बालक छात्रावास तरहूल, योगिता देवांगन गुदुम से प्राथमिक शाला बुदेली, योगेश मरकाम पिलचोड़ से प्राथमिक शाला कोंडे, हरिशंकर उयके गोंड़पाल से बालक माध्यमिक शाला दुर्गूकोंदल, शैलेन्द्री मरकाम दियागांव से 200 सीटर कन्या आवासीय विद्यालय दुर्गूकोंदल, बिरसू नरेटी पाऊरखेड़ा से बालक छात्रावास कोड़ापाखा, कमला नरेटी डांगरा से कन्या छात्रावास दुर्गूकोंदल, शंकर नागवंशी दरगढ़ से पलाचुर, सावित्री ठाकुर कन्या आश्रम कोड़ेकुर्से से कन्या आश्रम खुटगांव, पुष्पा भालेश्वर सिलपट से कन्या आश्रम लोहत्तर, शांति गावड़े पेड़ावारी से कन्या छात्रावास दमकसा, हंसाराम राना मिचेसुखई से छात्रावास हिंगनपुरी, शंभूलाल समरथ परभेली से बालक छात्रावास हाटकोंदल तथा चेतन चिराम जाड़ेकुर्से से बालक छात्रावास कोड़ेकुर्से में अटैच बताए गए हैं।

इसी तरह त्रिलोकी चिराम कर्रामाड़ से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परसकोट, विकासखंड भानुप्रतापपुर में कार्यरत हैं। सहदेव सोनवानी जाड़ेकुर्से से मंडल संयोजक विकासखंड अंतागढ़ तथा क्षिप्रा देवांगन हायर सेकंडरी स्कूल दुर्गूकोंदल से विधायक कार्यालय विधानसभा क्षेत्र भानुप्रतापपुर में अटैच हैं।

आधी रात PNB बैंक का इमरजेंसी अलार्म बजा, पुलिस में मचा हड़कंप; मौके पर पहुंची टीम

शासन के निर्देशों पर उठ रहे सवाल*
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संलग्नीकरण समाप्त करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद इन शिक्षकों की मूल संस्था में वापसी नहीं होने से विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। आखिर किन परिस्थितियों में इतने लंबे समय से संलग्नीकरण जारी है? क्या छात्रावास और आश्रमों के संचालन के लिए स्थानीय स्तर पर शिक्षकों की कमी है? यदि ऐसा है तो इसके लिए नियमित व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है?

क्षेत्र के शिक्षाविदों एवं अभिभावकों का मानना है कि शिक्षकों की मूल संस्था में वापसी सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में जांच कर शासन के निर्देशों का पालन कराता है या संलग्नीकरण का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।