16 साल के नाबालिग की चाकू मारकर हत्या, न्याय के लिए सड़क पर उतरा परिवार, 4 आरोपी गिरफ्तार।

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंचशील नगर (जोगी मोहल्ला) में सोमवार देर रात करीब 12 बजे बदमाशों ने आतंक मचाते हुए 16 वर्षीय कुश बाघ और उसके एक साथी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में कुश बाघ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। घटना से गुस्साए परिजनों ने शव को लेकर सिविल लाइन थाने का घेराव कर दिया, जिससे वहां स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

मौके पर पहुंचे डीएसपी उमेश प्रसाद गुप्ता और एसीपी रमाकांत साहू ने आक्रोशित परिजनों को शांत कराया। थाना प्रभारी तारकेश्वर पटेल के अनुसार, इस हत्याकांड में 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि, इस खूनी वारदात के पीछे पुरानी रंजिश थी या कोई तात्कालिक विवाद। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और घायल नाबालिग का इलाज अस्पताल में जारी है।