भिलाई। नेहरू नगर चौक पर ढिल्लन होटल के सामने देर रात हुई चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल 26 वर्षीय युवक शिव कुमार सिंह की इलाज के दौरान सुबह मौत हो गई। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। सुपेला पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
मिली जानकारी के अनुसार कैंप-01 निवासी शिव कुमार सिंह पिता अवधेश सिंह, अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। शिव कुमार को चिचोला जाना था, जहां वह दुकान चलाता था। रात करीब 11:30 बजे वह चिचोला जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। बताया जा रहा है कि शिव कुमार ने पहले एक ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक नहीं रुका। इसके बाद उसने स्कूटी सवार युवकों को रोक लिया। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गई। आरोप है कि स्कूटी सवार युवकों में से एक ने शिव कुमार की बाईं जांघ के सामने की तरफ चाकू मार दिया। चाकू लगने के बाद शिव कुमार मौके पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी स्कूटी से नेहरू नगर चौक के ब्रिज के नीचे से अंडरब्रिज की ओर होते हुए टाउनशिप की तरफ फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी में स्कूटी पर दो युवक और एक युवती के सवार होने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना में शामिल आरोपियों की संख्या को लेकर पुलिस जांच कर रही है। घायल शिव कुमार को पुलिस उपचार के लिए हाईटेक अस्पताल लेकर पहुंची थी। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज भेज दिया। इलाज के दौरान रविवार सुबह उसकी मौत हो गई
० सीसीटीवी से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश
घटना के बाद सुपेला पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। मृतक के साथ मौजूद युवक आरोपियों की स्कूटी का नंबर नहीं देख पाया था, ऐसे में पुलिस फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। नेहरू नगर चौक जैसे व्यस्त इलाके में देर रात हुई चाकूबाजी और उसके बाद युवक की मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
