राजनांदगांव में चाकू लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई के बाद जेल भेजा

Follow Us

राजनांदगांव। गणेश पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चिखली पुलिस की पेट्रोलिंग जारी है। इसी दौरान पुलिस ने चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में एक युवक को पकड़ा। पुलिस ने उसके पास से धारदार चाकू बरामद कर आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को मुदलियार कॉलोनी रोड, स्टेशनपारा में गश्त के दौरान सूचना मिली कि एक युवक चाकू दिखाकर लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पहचान सलमान लाला उर्फ बंडा, पिता घनश्याम सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी दुर्गा मंदिर के पास, स्टेशनपारा, ओपी चिखली, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई। तलाशी में उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद आदेश के अनुसार आरोपी को जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में चिखली चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई समेत पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।