मुंबई। बॉलीवुड फिल्मकार सूरज आर. बड़जात्या की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ ने रिलीज से पहले ही संगीत के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। फिल्म के संगीत एल्बम को सभी डिजिटल मंचों पर एक अरब से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। आयुष्मान खुराना और शरवरी अभिनीत इस फिल्म के संगीत को मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद संगीतकार हिमेश रेशमिया और उनके म्यूजिक लेबल ‘हिमेश रेशमिया मेलोडीज’ ने गानों का विशेष विनाइल रिकॉर्ड संस्करण जारी करने की तैयारी की है। फिल्म की रिलीज से पहले इसकी घोषणा की गई है।
चीन ने तीन अंतरिक्ष यात्रियों के साथ ‘शेनझोउ 24’ अंतरिक्ष यान किया लॉन्च
फिल्म के संगीत में रोमांटिक, भक्ति और मधुर गीतों का समावेश है। श्रेया घोषाल की आवाज में ‘झुमका पटोला’ और श्रेया घोषाल तथा केशव आनंद का गाया ‘सावन आया है’ श्रोताओं के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं। इसके अलावा ‘बुलाए छठी मां’, ‘ये प्रेम मोल लिया’, ‘जय अम्बे बोल’ और ‘तुम जीने की वजह हो’ को भी श्रोताओं का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। हिमेश रेशमिया के इस विशेष प्रयास के तहत डिजिटल माध्यमों पर लोकप्रिय हुए गीतों को अब विनाइल रिकॉर्ड के पारंपरिक स्वरूप में संगीत प्रेमियों तक पहुंचाया जाएगा। यह पहल पुराने दौर के संगीत को संजोने और विनाइल रिकॉर्ड के प्रति संगीत प्रेमियों की रुचि को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
राजश्री प्रोडक्शंस की संगीत परंपरा का उल्लेख करते हुए बताया गया कि उसकी फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ और ‘हम आपके हैं कौन..!’ के गीत 1980 और 1990 के दशक में बेहद लोकप्रिय हुए थे। इन फिल्मों के संगीत ने कैसेट के दौर में बिक्री और लोकप्रियता के नए कीर्तिमान स्थापित किए थे। ‘मैंने प्यार किया’ के करीब 50 लाख कैसेट बिकने का अनुमान है, जबकि ‘हम आपके हैं कौन..!’ का संगीत हिंदी सिनेमा के सर्वाधिक लोकप्रिय संगीत एल्बमों में शामिल रहा है। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के संयुक्त निर्माण में बनी इस फिल्म का निर्देशन सूरज आर. बड़जात्या ने किया है। फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।

