समय-सीमा एवं गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण हो, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : डिप्टी सीएम अरुण साव

Follow Us

मुंगेली। उपमुख्यमंत्री अरुण साव की अध्यक्षता में मुंगेली जिले के समस्त जिला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपमुख्यमंत्री साव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में चल रहे सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने लंबे समय से लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उपमुख्यमंत्री साव ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण एवं विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों एवं संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

अरुण साव ने अधिकारियों को विकास कार्यों की निरंतर समीक्षा एवं स्थल निरीक्षण करते हुए प्रगति पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध निलंबन जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप विकास कार्यों को गति देते हुए उनका लाभ आम नागरिकों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।