कस्तूरा रथ मेला में महिला की सोने की चेन चोरी, ड्रोन वीडियो से दो महिलाएं गिरफ्तार

Follow Us

जशपुर। दुलदुला थाना क्षेत्र के कस्तूरा गांव में आयोजित श्री जगन्नाथ रथ यात्रा मेले में महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से करीब 17-18 ग्राम वजन की सोने की चेन बरामद हुई है, जिसकी कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को जशपुर के सन्ना रोड निवासी सरमा देवी अपने परिजनों के साथ कस्तूरा मेले में पहुंची थीं। भारी भीड़ के बीच उनके गले से करीब 17 ग्राम की सोने की चेन चोरी हो गई। शिकायत के आधार पर दुलदुला थाने में अपराध क्रमांक 46/26 दर्ज कर बीएनएस की धारा 303(2) के तहत जांच शुरू की गई। जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि घटना के समय मेले में ड्रोन कैमरे से वीडियो और तस्वीरें बनाई जा रही थीं। ड्रोन संचालक से फुटेज हासिल कर जांच करने पर महिला के आसपास संदिग्ध नजर आ रही कुछ महिलाओं की पहचान की गई।

पुलिस ने संदिग्ध महिलाओं के फोटो के आधार पर तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के बाद सोनिया बाई (30) और अनिता बाई (35), दोनों निवासी ग्राम पत्ताकेला, थाना बगीचा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने पुलिस के सामने एक अन्य महिला के साथ मिलकर भीड़ का फायदा उठाते हुए चेन चोरी करने की बात स्वीकार की। उनके कब्जे से चोरी की गई चेन बरामद कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल तीसरी महिला फरार है और उसकी तलाश जारी है।